बिहार से दूसरे राज्य उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने के लिए चलाई जाएगी 116 नई बसें

 बिहार से दूसरे राज्य उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने के लिए चलाई जाएगी 116 नई बसें

बिहार की राजधानी पटना से राज्य के दूसरे शहरों में जाने के लिए यात्रियों को अब बसों के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करनी पड़ेगी। पटना से इन शहरों दरभंगा, समस्तीपुर, सासाराम, जमुई, बांका, पाली, भभुआ, औरंगाबाद, भीट्ठामोड़, मानपुर समेत, झारखंड व उत्तर प्रदेश के बीच परिचालन के लिए बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम राज्य के भीतर 50 रूटों पर, झारखंड के लिए 10 तथा यूपी के लिए छह रूटों पर परिचालन में बसों की संख्या बढ़ाएगा। निगम की तरफ से इन 66 रूटों पर 370 बसें चलाई जाएंगी।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के अंतर्क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय मार्गों के विवरण, आवेदन के प्रारूप और बसों के परिचालन की शर्तें परिवहन विभाग की ओर से जारी कर दी गई है। इन रूटों पर बसों के परिचालन से इच्छुक लोग परिवहन विभाग की वेबसाइट से जानकारी ले सकते हैं। निगम में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। निगम के अनुसार, बिहार से यूपी के लिए 82 नई बसें बढ़ेंगी, जबकि बिहार से झारखंड के बीच 34 नई बसें बढ़ाई जाने की तैयारी है। वहीं, बिहार के अलग-अलग रूटों पर कुल 254 बसें बढ़ाई जाएंगी।

अब, बिहार और उत्तर प्रदेश के 6 रूटों पर बसों का परिचालन बढ़ने से इन प्रदेशों के विभिन्न शहरों से आवागमन आसान हो जाएगा। पटना से देवरिया, दरभंगा से भदोही होते वाराणसी, छपरा से बलिया, पटना से आरा बक्सर के रास्ते वाराणसी, पटना से हाजीपुर, सीवान के रास्ते गोरखपुर और गया से सासाराम के रास्ते सारनाथ के बीच बसों की संख्या बढ़ेगी। इन रूटों पर बसें बढ़ने से इसके आसपास के पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। उधर, बिहार व झारखंड के बीच भी पर्यटन की दिशा में संबंध प्रगाढ़ होंगे।

संबंधित खबर -