बिहार : उपचुनाव ने महागठबंधन के रिश्तों को तोड़ा, कांग्रेस खुद को किया अलग, राजद पर गठबंधन धर्म तोड़ने का आरोप

 बिहार : उपचुनाव ने महागठबंधन के रिश्तों को तोड़ा, कांग्रेस खुद को किया अलग, राजद पर गठबंधन धर्म तोड़ने का आरोप

बिहार की दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव ने महागठबंधन के रिश्तों में दरार डाली है। महागठबंधन से कांग्रेस ने खुद को अलग कर लिया है। बिहार कांग्रेस ने राजद पर गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने और गठबंधन तोड़ने का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि राजद ने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया है। ऐसे में अब गठबंधन नहीं रह गया है। गठबंधन टूट चुका है। पार्टी के पास अब दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचा है।

आपको बता दें प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुशेश्वर स्थान और तारापुर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में राजद ने दोनों सीटों से उम्मीदवार उतार दिए हैं। जबकि पिछले साल हुए आम चुनाव में कुशेश्वर स्थान से पार्टी नेता अशोक राम चुनावी मैदान में थे। पार्टी का दावा वहां स्वत: बन रहा था। मामूली अंतर से पार्टी प्रत्याशी को हार मिली थी। लेकिन राजद ने कांग्रेस के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। अपनी मर्जी से उम्मीदवार उतार दिए। यह गठबंधन धर्म के खिलाफ है। राजद ने दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतार कर भारी गलती की है।

अब सवाल यह उठता है कि गठबंधन है या टूट चुका है। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद के इस रवैये के बाद अब गठबंधन कहां बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दरकिनार कर खुद उम्मीदवार उतार देने से साफ हो गया कि अब गठबंधन नहीं रह गया है। गठबंधन टूट चुका है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से राजद ने दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, अब कांग्रेस भी दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। एक-दो दिनों में कुशेश्वर स्थान और तारापुर से उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी। आलाकमान के स्तर पर उम्मीदवार तय किए जा रहे हैं। चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। जीत के संकल्प के साथ पार्टी के प्रत्याशी चुनावी मैदान में जाएंगे।

संबंधित खबर -