उत्तर प्रदेश : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सरयू नहर परियोजना का करेंगे उद्घाटन, 25 लाख किसानों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में सरयू नहर परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और CM योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। इस परियोजना से 14 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि की सिंचाई के लिए पानी मिलनी शुरू हो जायेगी। 9802 करोड़ से बनी इस परियोजना से करीब 25 लाख किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। यह परियोजना लगभग 50 साल से अधूरी थी।
जानकारी के अनुसार, PM नरेंद्र मोदी दोपहर एक बजे तक कार्यक्रम स्थल तक पहुंच जाएंगे। जहां वे सबसे पहले राज्यपाल और सीएम के साथ सरयू नहर परियोजना से संबंधित मॉडल का निरीक्षण करेंगे। वहीं से प्रधानमंत्री बटन दबाकर देश की सबसे बड़ी सिंचाई परियेाजना का शुभारंभ करेंगे। सवा घंटे के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर प्रधानमंत्री वापस रवाना हो जाएंगे।
आपको बता दें सरयू नहर परियोजना 1971-72 में शुरू हुई थी। लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद इस परियोजना में तेजी आई। वर्ष 2018 से इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना मे शामिल किया गया। जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि 5 नदियों को जोड़ने वाली यह परियोजना बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, बहराइच, बस्ती, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर व गोरखपुर के किसानों को लाभान्वित करेगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मोदी के एक बटन दबाते ही नहरों में पानी आना शुरू हो जाएगा।