बिहार : नवादा में दहेज के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता को जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत

 बिहार : नवादा में दहेज के लिए ससुराल वालों ने विवाहिता को जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत

बिहार के नवादा जिले में दहेज के लिए विवाहिता को जला देने का मामला सामने आया है। घटना बीते दिन शुक्रवार को शाहपुर ओपी के महरथ गांव में घटी है। घटना में गंभीर रूप से घायल महिला कोमल कुमारी को काशीचक PHC में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे पावापुरी विम्स रेफर कर दिया। विम्स में प्राथमिक इलाज के बाद उसे देर शाम PHC रेफर कर दिया गया। आज शनिवार को कोमल की इलाज के दौरान मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि 22 वर्षीया कोमल महरथ गांव के कृष्ण कुमार की पत्नी थी। उसका मायके लखीसराय जिले में है। पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर मायके वाले भी गांव पहुंच गए। स्थिति की जानकारी लेने के बाद PHC के लिए रवाना हो गये। इधर, घटना की सूचना पर वारिसलीगंज सर्किल इंस्पेक्टर जीतेन्द्र कुमार, काशीचक थानाध्यक्ष राजकुमार और शाहपुर ओपीध्यक्ष दिनेश कुमार महरथ पहुंचे। परंतु तब तक परिजन उसे लेकर अस्पताल निकल चुके थे।

मिली जानकारी के मुताबिक आपको बता दें, कोमल की शादी 01 मई 2019 को महरथ गांव के पप्पू सिंह के बेटे कृष्ण कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। इसी बीच उसे एक बच्चा हुआ। वर्तमान में उसकी उम्र करीब डेढ़ वर्ष बतायी जा रही है। कोमल के भाई के मुताबिक एक वर्ष पूर्व भी कोमल का जेवर लेकर जबरन बेच दिया गया था। मामला सामने आने पर मायके वालों ने विरोध किया था। परंतु ससुराल वालों द्वारा माफी मांगने पर मामला शांत हो गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

संबंधित खबर -