Bihar Weather Updates : उत्तर बिहार में गरज के साथ बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

 Bihar Weather Updates : उत्तर बिहार में गरज के साथ बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Bihar Weather Updates : उत्तर बिहार में गरज के साथ बारिश होने की आसार है I जबकि दक्षिण बिहार में पछुआ के प्रभाव से पिछले दो दिनों से तापमान ऊपर चढ़ा है। वातावरण में उमस बढ़ने से लोग शनिवार को दिनभर गर्मी से परेशान रहे। विशेषकर दक्षिणी पश्चिमी बिहार के जिले गर्मी से विशेष प्रभावित हैं। पटना में तापमान 1.9 डिग्री गिरा लेकिन दिन भर उमस की स्थिति बनी रही। 

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को बक्सर राज्य भर में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक इसी तरह की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 मई तक राज्य के उत्तरी भाग के सीमावर्ती जिलों में येलो अलर्ट जारी किया। मुख्य रूप से 9 जिलों के लिए लोगों को चेतावनी दी गई है। इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया शामिल हैं। इन इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। 

आपको बता दें पिछले 24 घंटे में सुपौल के निर्मली में सर्वाधिक 55mm बारिश रिकॉर्ड की गई। दरभंगा के बेनीबाद में 44mm बारिश हुई। वहीं सुपौल में 42.2mm बारिश रिकॉर्ड की गई। सहरसा के नौहट्टा में 36mm बारिश हुई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अभी प्री मानसून का समय चल रहा है। ऐसे में प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। बारिश के बाद तापमान में काफी गिरावट आएगी। बारिश की गतिविधियों का अंतराल बढ़ने पर अधिकतम पारा ऊपर चढ़ेगा। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री, गया का 40.3 डिग्री, भागलपुर में 37 डिग्री और पूर्णिया में 30.5 डिग्री दर्ज किया गया।

संबंधित खबर -