Bihar Weather News: बिहार के 30 जिलों में कोल्ड डे स्थिति, दिन का तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम

बिहार के सभी जिले में शीतलहर जैसी स्थिति है। बिहार के 30 जिलों में कोल्ड डे है। पटना समेत मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सुपौल, शेखपुरा, फारबिसगंज, बांका सहित 10 जिलों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति रही है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक नीचे रहा। पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री से कम 15 डिग्री और रात का 7.7 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे बिहार में अधिक दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस दौरान हवा की रफ्तार 2 से 4 किलोमीटर प्रति घंटा की वृद्धि हुई है। प्रदेश के विभिन्न हिस्से में 8 से 13 किमी की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल रही है। ठंड हवाओं के प्रभाव से बिहार में दिन के तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट होने का अनुमान है। 11 जनवरी तक उत्तर बिहार में घने कोहरे का असर होगा।

आपको बता दें डॉ राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग ने आगामी 18 जनवरी तक के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। वैज्ञानिक डॉ गुलाब सिंह ने बताया कि लगातार पछुआ हवा प्रतिचक्रवात और वायुमंडल में नमी अधिक होने के कारण दिन का तापमान सामान्य से 7-10 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। इसके कारण कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। इसके आगामी दो-तीन दिनों तक बनी रहने की संभावना है।