Bihar Weather: बिहार में सर्दी का सितम लगातार जारी, धूप निकलने के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं

बिहार में सर्दी का सितम लगातार जारी है सुबह से धूप निकलने के बाद भी लोगों को ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। पछुआ हवाओं के कारण कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री इजाफा होने के आसार हैं ।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 24 घंटे बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि का पूर्वानुमान है। बीते 24 घंटों के दौरान पटना सहित 22 जिलों के न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि, 6.4 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी (रोहतास) सबसे ठंडा रहा।
आपको बता दें बीते दिन रविवार को पटना व आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्के कोहरे का प्रभाव बना रहा। धूप निकलने के बाद मौसम में सुधार के साथ सर्द हवा का प्रवाह जारी रहा। प्रदेश के 15 शहरों का न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।
वहीं ठंड से कुछ राहत मिलने के बाद अत्यधिक सर्दी के कारण बंद आठवीं तक के स्कूल आज सोमवार से खुल जाएंगे। 11 जनवरी को इन्हें बंद करने का आदेश जारी किया गया था। इस तरह से करीब 10 दिनों बाद स्कूलों में चहल-पहल लौट आएगी। हालांकि, अभी कक्षा संचालन प्रशासन के तय किए गए समय अनुसार ही होगा। यह आदेश 20 से 25 जनवरी तक के लिए प्रभावी रहेगा। जिला दंडाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने रविवार को इस बाबत आदेश जारी किया है।