बिहार के निबंधित कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों के सुरक्षा के लिए बनेगा विशेष बोर्ड, मिलेगी ये सुरक्षा

 बिहार के निबंधित कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों के सुरक्षा के लिए बनेगा विशेष बोर्ड, मिलेगी ये सुरक्षा

बिहार के निबंधित कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों के सुरक्षा के लिए विशेष बोर्ड बनाया जायेगा। श्रम संसाधन विभाग की ओर से बनाए जाने वाले राज्य सलाहकार बोर्ड में कई विभागों के सचिव के अलावा कंपनी और यूनियन के भी प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। यह बोर्ड राज्य के निबंधित कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों के न केवल आर्थिक बल्कि सामाजिक सुरक्षा पर भी नजर रखा जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य के 8 हजार से अधिक निबंधित कारखानों में सवा 2 लाख से अधिक कर्मचारी काम कर रहे हैं। इन कर्मचारियों के व्यावसायिक सुरक्षा के साथ ही सामाजिक और स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बोर्ड का गठन किया जाएगा। श्रम संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव या सचिव, जो भी हों, बोर्ड के अध्यक्ष होंगे। जबकि पदेन सदस्य के रूप में उद्योग विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग के मुखिया, राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अध्यक्ष, श्रमायुक्त, कर्मचारी राज्य बीमा योजना के निदेशक चिकित्सा सेवाएं और नियोक्ताओं के पांच प्रतिनिधि इसके पदेन सदस्य होंगे।

आपको बता दें बोर्ड के अध्यक्ष जितनी बार चाहेंगे, वे एक साल में बैठक कर सकेंगे। लेकिन साल में कम से कम एक बार इस सलाहकार बोर्ड की बैठक होनी जरूरी होगी। बोर्ड के कोई भी सदस्य जब चाहें, वे अपना त्यागपत्र दे सकेंगे। इसके लिए उन्हें केवल अपना त्याग पत्र बोर्ड को सौंपना होगा। कोई भी सदस्य अगर तीन बैठक में शामिल नहीं होगा तो बोर्ड उनके रहने या नहीं रहने पर विचार करेगा। कर्मचारियों के लिहाज से इस बोर्ड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। बोर्ड के समक्ष कोई भी कर्मचारी अपने व्यावसायिक हितों की रक्षा को लेकर आवेदन दे सकेगा।

संबंधित खबर -