एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित की माँ का हुआ निधन, कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था

 एक्ट्रेस रिद्धिमा पंडित की माँ का हुआ निधन, कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया था

कोरोना की दूसरी लहर ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। खासकर महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या हर दिन तेजी से बढ़ रही है। ग्लैमर इंडस्ट्री के कई सितारे कोविड 19 की चपेट में आ चुके हैं। इस बीच टीवी की मशहूर अभिनेत्री रिद्धिमा पंडित की मां का कोरोना वायरस से निधन हो गया है। वह मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थीं।


किडनी की समस्या से भी जूझ रही थीं
ईटी टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रिद्धिमा की मां को दो-तीन दिन पहले नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह किडनी की समस्या से भी जूझ रही थीं। कोरोना वायरस की चपेट में आने से पहले उनकी तबीयत ठीक थी। एक सूत्र ने पोर्टल को बताया कि किडनी की दिक्कतें होने के बाद भी वह ठीक थीं और सब कुछ अच्छे से मैनेज कर रही थीं। चीजें तब बदल गईं जब वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गईं। अस्पताल के नियमों की वजह से परिवार उनसे मिल नहीं पाया। निधन की खबर के बाद से करीबी सदस्य शोक में हैं। 


‘बहू हमारी रजनीकांत’ से मिली प्रसिद्धि

सीरियल ‘बहू हमारी रजनीकांत’ में रिद्धिमा को काफी पसंद किया गया। साल 2019 में उन्होंने रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 9’ में हिस्सा लिया था। वह सेकेंड रनर अप रही थीं। इसके अलावा वह ‘यो के हुआ ब्रो’, ‘डांस चैम्पियंस’, ‘हम- आई एम बिकॉज ऑफ अस’, ‘खतरा खतरा खतरा’ और ‘हैवान-द मॉन्सटर’ जैसे शो में काम कर चुकी हैं। रिद्धिमा ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी। उन्होंने सनसिल्क, फेयर एंड लवली, हार्पिक, वीट सहित कई बड़ी कंपनियों के लिए विज्ञापन किए। 


टीवी के कई सितारे कोरोना संक्रमित
टीवी के कई सितारे हाल ही में कोरोना की चपेट में आए हैं। ‘अनुपमा’ फेम रुपाली गांगुली और उनके को-एक्टर सुधांशु पांडे को कोरोना हो गया है। इनके अलावा निर्माता राजन शाही और आदित्य नारायण का भी कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है।

संबंधित खबर -