Bihar Budget 2022 : वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद आज विधानमंडल में पेश करेंगे बजट, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार होगा फोकस

Bihar Budget 2022 : बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो गया है। यह सत्र 31 मार्च तक चलेगा। जिसमें कुल 22 बैठकें होंग। वित्त मंत्री के रूप में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद आज अगले वित्तीय वर्ष के लिए बजट पेश करेंगे। यह बजट आज दोपहर 2 बजे विधान मंडल में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए पेश किया जाएगा। आपको बता दें कि तारकिशोर प्रसाद का यह दूसरा बजट है। आज ही वित्तीय वर्ष 2021-22 का आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, इस साल बजट आकार 2.32 लाख करोड़ के आसपास होगा जो पिछले साल से लगभग 12 से 15 हजार करोड़ ज्यादा हो सकता है। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार पर जोर दिया जाएगा। विभिन्न योजनाओं पर होने वाला खर्च भी थोड़ा-बहुत बढ़ सकता है। सरकार राज्य के शिक्षकों के वेतन में 15% बढ़ोतरी का ऐलान भी कर चुकी है। रोजगार के लिए सरकार उद्यमिता विकास पर फोकस करेगी।
आपको बता दें योजना और गैर-योजना दोनों मदों में वृद्धि होगी। चालू वित्तीय वर्ष में योजना मद में एक लाख करोड़ रुपये के खर्च का प्रावधान था। इसके बढ़ने की संभावना है। वहीं 18 से 20 मार्च तक होली की छुट्टी रहेगी। एक मार्च को महाशिवरात्रि और 22 मार्च को बिहार दिवस के मौके पर सदन की कार्यवाही नहीं होगी। इसके पहले सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में विपक्ष की ओर से विरोध प्रदर्शन भी हुआ था। बिहार में शिक्षा समेत कई मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा था।