बिहार बजट सत्र 2021 : 11 :30 बजे राज्यपाल दोनों सदन को करेंगे संबोधित


बिहार विधानमंडल का बजट सत्र आज यानी शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। हंगामेदार होने वाले बजट सत्र में कई विधेयक लाए जाने की संभावनाएं हैं। विपक्ष जहां सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है वहीं सत्तापक्ष भी जवाबी कार्रवाई करेगा। एक माह पांच दिन चलने वाले इस सत्र के पहले दिन बिहार विधानमंडल के विस्तारित भवन के सेंट्रल हॉल में राज्यपाल फागू चौहान 11.30 बजे से दोनों सदनों को समवेत संबोधित करेंगे। पहले ही दिन 2020-21 की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की जाएगी। 22 फरवरी को 2021-22 का बजट पेश किया जाएगा। पहली बार उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद बजट पेश करेंगे। सत्र से जुड़ी हर अपडेट जानिए यहां।

महंगाई के खिलाफ लकड़ी और मिट्टी के चुल्हे के साथ विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी विधायक
बिहार विधानमंडल बजट सत्र शुरू होने से पहले विपक्ष के तेवर दिखाई देने लगे हैं। सत्र शुरू होने से पहले ही महंगाई के खिलाफ लकड़ी और मिट्टी के चुल्हे के साथ कांग्रेसी विधायक दल के नेता अजित शर्मा के साथ दो अन्य विधायक विधान सभा पहुंचे। बता दें कि सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष बिहार में महंगाई, किसान आंंदोलन समेत पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा पहुंचे
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा पहुंचे। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा व विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह का किया अभिवादन। बता दें कि आज से बिहार का बजट सेशन शुरू हो रहा है और आज दोनों सदन को राज्यपाल फागू चौहान के संबोधन के बाद से विधिवत बजट सत्र शुरू हो जाएगा। विपक्ष के तेवर देखते हुए सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं।
पहली बार उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद पेश करेंगे बजट

बिहार बजट पहली बार उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद पेश करने जा रहे हैं। इससे पहले बिहार बजट पूर्व उपमुख्यमंत्री पेश करते आ रहे हैं। बता दें कि इस बार सुशील मोदी को भाजपा ने राज्यसभा सांसद बनाया है। 22 कार्यदिवसों वाले बजट सत्र में 22 फरवरी को बजट सदन में पेश किया जाएगा। इस बार के बजट सत्र में विधानमंडल में नौ विधेयक पेश होने की संभावना है।
विधानमंडल में पेश होंगे नौ विधेयक

एक माह पांच दिन चलने वाले के इस सत्र के दौरान राज्य सरकार द्वारा बजट सत्र के दौरान नौ महत्वपूर्ण विधेयक व अध्यादेश पेश किए जा सकते हैं। एक बिल वाणिज्य कर विभाग का आएगा। यह कोरोना संकट के चलते टैक्स संग्रह की अवधि के विस्तार से संबंधित होगा। दूसरा अध्यादेश शिक्षा विभाग का होगा जिसमें राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष के मनोनयन को लेकर टर्म निर्धारण में छूट का संदर्भ रहेगा। अन्य महत्वपूर्ण विधेयक जो इस सत्र में आ सकते हैं उनमें से अधिकांश सरकार के सात निश्चय-2 से जुड़े विभिन्न विभागों के विधेयक होंगे।
बिहार विधानमंडल परिसर में सत्र के दौरान बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित
बिहार विधानमंडल परिसर में सत्र के दौरान बाहरी व्यक्तियों व अनधिकृत वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गए हैं। लिखित अनुमति अथवा बिना प्रवेश पत्र कोई भी विधानमंडल परिसर में प्रवेश नहीं कर पायेंगे। सुरक्षा कारणों से विधानमंडल के गेट संख्या 9 एवं 10 ही प्रवेश के लिए खुले रहेंगे।

हर दिन प्रश्नकाल सहित सदन की अन्य कार्यवाही का सीधा प्रसारण आकाशवाणी पटना से किया जाएगा। साथ ही सत्र का सीधा वेबकास्टिंग भी विधानसभा के वेबसाइट पर देखा जा सकता है। डीडी बिहार से भी महत्वपूर्ण कार्यवाही प्रसारित की जाएगी।
विभागीय अनुदान मांगों पर चर्चा के लिए 12 दिन
सभा सचिवालय से मिली जानकारी के मुताबिक 22 कार्यदिवसों वाले बजट सत्र में 12 दिन विभागीय अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। राजकीय विधेयकों के लिए दो दिन रखे गए हैं। सदस्यों के गैर सरकारी संकल्प के लिए 2 दिन, राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद के लिए 2 दिन, 2 दिन बजट पर चर्चा के लिए तथा एक दिन द्वितीय अनुपूरक के लिए है। राज्यपाल के अभिभाषण और आर्थिक सर्वेक्षण के लिए पहला दिन है।
विधानसभा में पहली बार चुनकर आए नये सदस्यों के लिए नया अनुभव

विधानसभा में चुनकर पहली बार आए 104 सदस्यों के लिए यह सत्र नया अनुभव लेकर आया है। पहली बार वे न सिर्फ विधायी कार्य देखेंगे, बल्कि उसका हिस्सा भी बनेंगे। विस सचिवालय ने इन सभी सदस्यों को कायदे कानून की जानकारी के लिए विशेष पहल की है। इनको संबंधित किताबें भी मुहैया कराई गई हैं। विधान परिषद में उपचुनाव के बाद दो सदस्य बढ़े हैं। इनमें सैयद शाहनवाज हुसैन और मुकेश सहनी हैं। हालांकि दोनों राज्य सरकार में मंत्री हैं।
बिहार बजट सत्र: विपक्ष करेगा वार, सत्ता पक्ष भी तैयार
बजट सत्र को लेकर सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। यह गुरुवार को सर्वदलीय बैठक में भी दिखी जब विपक्ष के नेता इसमें शामिल होने आए। आमतौर पर उनके प्रतिनिधि ही आते रहे हैं। विपक्ष सरकार को महंगाई विशेषकर पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की कीमत, कोरोना जांच, अपराध और भ्रष्टाचार आदि के सवाल पर घेरने की कोशिश करेगा। वहीं सर्वदलीय बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी विपक्ष पर हर पलटवार के संकेत दिए। कहा, सदन सुचारू होकर चले यह सत्तापक्ष के साथ-साथ विपक्ष की भी जवाबदेही है। विपक्ष द्वारा उठाई गई जनसमस्या के समाधान की स्थिति तभी बन सकती है जब सदन शांतिपूर्ण ढंग से चले।
बिहार विधानमंडल का बजट सत्र के लिए सर्वदलीय बैठक में सकारात्मक रुख
बिहार विधानमंडल का बजट सत्र के दौरान एक बिल वाणिज्य कर विभाग का आएगा। यह कोरोना संकट के चलते टैक्स संग्रह की अवधि के विस्तार से संबंधित होगा। अन्य महत्वपूर्ण विधेयक जो इस सत्र में आ सकते हैं उनमें से कुछ सरकार के सात निश्चय-2 से जुड़े विभिन्न विभागों के होंगे।
कोरोना संकट के बीच आहूत इस लम्बे सत्र में सामाजिक दूरी, फेस मास्क और सेनेटाइजर का इस्तेमाल आवश्यक होगा। इससे पहले सदन को शांतिपूर्ण व निर्बाध चलाने को लेकर बुधवार और गुरुवार को दोनों सदनों की हुई सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के आला नेताओं ने सरकार के वित्तीय कार्य को लेकर आहूत इस बैठक को सुचारू रूप से चलाने तथा जनसरोकार के मुद्दों के समाधान को लेकर अपना सकारात्मक रुख दिखाया।
बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद में तैयारियां पूरी
बिहार विधानमंडल का बजट सत्र के लिए विधानमंडल के दोनों सदनों, बिहार विधानसभा और बिहार विधान परिषद में तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस बार के बजट सत्र में विधानमंडल में नौ विधेयक पेश होने की संभावना है। इनमें प्रमुख रूप से स्वास्थ्य विवि, पेट्रोल- डीजल पर सेस लगाने, पुराने व्यावसायिक व निजी वाहनों को हटाने, नए एफआरबीएम एक्ट और अभियंत्रण विश्वविद्यालय पर विधेयक लाए जाने की राज्य सरकार की तैयारी है।