बिहार : कोरोना महामारी के बावजूद इस साल आर्थिक विकास पॉजिटिव, वित्त मंत्री ने बताया विकास दर 2.5% पर कायम

बिहार में आज शुक्रवार से बजट सत्र की शुरुआत हो गई। राज्यपाल फागू चौहान के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने विधानमंडल में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। विधानसभा और विधान परिषद की संयुक्त बैठक के बाद वित्त मंत्री ने मीडिया के साथ आर्थिक सर्वेक्षण की बातें साझा की। उन्होंने कहा कि बिहार ने विपरीत परिस्थितियों में भी बहुत अच्छा काम किया है।
वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने बताया कोरोना महामारी के बावजूद इस साल का आर्थिक विकास पॉजिटिव रहा है। इसी का नतीजा है कि जहां कई राज्यों की विकास दर निगेटिव रही, वहीं बिहार में इसके अच्छे परिणाम देखने को मिले है। वित्त मंत्री ने बताया कि बिहार की विकास दर 2.5% पर कायम रही। डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश करते हुए बताया कि 2020-21 में मत्स्यपालन की वृद्धि दर 7% रही।
इसके अलावा उन्होंने बताया 2020-21 में 6.83 लाख टन मछली का उत्पादन होने से राज्य मछली उत्पादन में लगभग आत्मनिर्भर बन गया है। पहले बिहार मछली उत्पादन में दूसरे राज्यों पर आश्रित रहता था। इसके साथ ही उद्योगों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी विकास की गति तेज हुई। वित्त मंत्री ने कोरोना टीकाकरण की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2021 तक बिहार में 10 करोड़ से भी अधिक लोगों को टीके लगाए गए हैं।