बिहार : दरभंगा में प्रशिक्षु महिला दारोगा ने खुद के सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर की खुदकुशी

 बिहार : दरभंगा में प्रशिक्षु महिला दारोगा ने खुद के सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर की खुदकुशी

बिहार के दरभंगा जिले के एक विश्वविद्यालय थाने में पदस्थापित प्रशिक्षु महिला दारोगा लक्ष्मी कुमारी ने खुद के सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना बीते दिन गुरुवार की देर रात की है। लक्ष्मी 2017-18 बैच की दारोगा थी। वह सुपौल शहर के कचहरी रोड, वार्ड 11 निवासी त्रिलोक प्रसाद साह की पुत्री थी। आज शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में सनसनी फैल गयी।

उसके बाद आनन-फानन में सिटी SP अशोक प्रसाद, सदर SDPO कृष्ण नंदन प्रसाद, विवि थाना प्रभारी सत्य प्रकाश झा व अन्य थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। सिटी SP ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि छानबीन की जा रही है। उन्होंने ये भी कहा कि यह घटना पुलिस परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। इस घटना से हम सभी मर्माहत हैं। हम लोगों ने युवा और कर्मठ पदाधिकारी को खो दिया है।इसी बीच लक्ष्मी के परिजन भी पहुंच गए। परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, आपको बता दें लक्ष्मी दो भाई और दो बहन थी। वह अविवाहित थी और तीसरे नंबर पर थीं। घटना के वक्त उनके कान में ईयरफोन लगा हुआ था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना से पहले मोबाइल फोन पर उनकी किसी से बात हुई थी। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर पता लगा रही है।

संबंधित खबर -