बिहार विधान सभा चुनाव के नामांकन शुरू, लेकिन दोनो गठबंधनों के प्रत्याशी अभी तक तय नहीं

आज से पहले चरण का नामांकन शुरू हो गया मगर बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे पर राज्य के दोनों बड़े गठबंधनों एनडीए और महागठबंधन में अब भी खींचतान जारी है और प्रत्याशियों का चयन नहीं हो पाया है।

एनडीए की बात करें तो लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की दुविधा के चलते एनडीए का मामला सुलझ नहीं पा रहा है। सीटों के बंटवार का मामला सुलझाने के लिए बुधवार को भाजपा नेताओं के बीच वार्ता का दौर जारी रहा। हालांकि इसके बाद भी ठोस नतीजा नहीं निकल सका।

महागठबंधन में दोनों मुख्य घटक दलों राजद और कांग्रेस के बीच भी सीटों के फॉर्मूले पर पेच फंसा हुआ है। दोनों गठबंधनों में उनके घटकदलों के बीच इस गुत्थी को सुलझाने के लिए बातचीत जारी है। कांग्रेस की हालत इस कदर दयनीय हो चुकी है कि वह राजद पर ही आश्रित है। दबाव भले ही बना ले लेकिन अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति नहीं है उसकी।


जानकारी के मुताबिक आगामी चार अक्टूबर को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। पहले यह बैठक दो को ही प्रस्तावित थी। इस समिति में बिहार से भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार इसी बैठक में यह तय होगा कि भाजपा को मिलने वाली सीटों पर कौन-कौन उम्मीदवार होंगे, उस पर निर्णय होगा। इस समिति की मुहर लगने के बाद ही पार्टी की ओर से अधिकृत प्रत्याशियों के नामों का औपचारिक ऐलान होता है।
संभावना है कि पटना में ही एनडीए की सीटों की संख्या का औपचारिक ऐलान होगा। इसके पहले भाजपा के देवेन्द्र फडणवीस और भूपेन्द्र यादव की मुलाकात जदयू अध्यक्ष सीएम नीतीश कुमार से भी हो सकती है। खासकर लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ भाजपा नेताओं की हुई बातचीत से सीएम को अवगत कराया जाएगा। इसके लिए दोनों नेता बिहार आएंगे |

लोजपा के मनमुताबिक बात नहीं बनी तो वह 143 सीटें पर अपना उम्मीदवार मैदान में उतारेगी।
AB BIHAR NEWS “सच की तलाश,सच्ची खबर “