Bihar Weather Updates : बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 4 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट जारी

 Bihar Weather Updates : बिहार में बदला मौसम का मिजाज, 4 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट जारी

Bihar Weather Updates : बिहार के मौसम में पिछले 24 घंटों में तेजी से बदलाव देखने को मिला है। यह बदलाव हवा की दिशा के साथ ठंड की स्थिति में भी बदलाव लाया है। राज्यभर में रात के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। कहीं-कहीं तो न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से भी अधिक ऊपर चढ़ गया है। अब पर्वतीय प्रदेशों से अधिक ठंड की स्थिति सूबे में कहीं नहीं है। हवा में पहले की तरह कनकनी नहीं है।

पिछले 24 घंटों में दक्षिण पूर्वी हवाओं ने पूरे प्रदेश पर अपना प्रभाव बना लिया है। राज्य में फिलहाल कहीं भी शीत दिवस की स्थिति नहीं है। हालांकि कुछ जगहों पर हुई गरज-तड़क के साथ बारिश से अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक नीचे आया है। तापमान में यह गिरावट पटना, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, नवादा और सारण जिलों के अलावा उत्तर बिहार के कुछ जिलों में भी है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, राज्यभर में 25 जनवरी से मौसम में सुधार होने की संभावना हैं। बारिश का सिस्टम 25 जनवरी से कमजोर हो जाएगा। हवा की दिशा में बदलाव के भी आसार हैं। उसके बाद फिर से पर्वतीय प्रदेशों से शुष्क और उत्तरी पछुआ हवाओं का प्रवाह बढ़ेगा जिसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आएगी। आपको बता दें आज सोमवार को पटना में भी धूप नहीं निकली और दिन में ठंड बढ़ी रही। मौसम विभाग ने जहानाबाद, नवादा, भोजपुर व सारण जिले में ओला गिरने का अलर्ट जारी किया है।

संबंधित खबर -