Bihar Weather Updates : पिछले 24 घंटों में बदला मौसम का मिजाज, तेजी से लुढ़का तापमान, बढ़ी ठंड

Bihar Weather Updates : बिहार में पिछले 24 घंटों में तेजी से मौसम में बदलाव आया है। राज्यभर में बीते दिन शनिवार को आसमान धुंध और बादलों से पटा रहा। जिसके कारण धूप प्रभावहीन रही। धूप में तल्खी न होने से अधिकतम तापमान तेजी से लुढ़का है। राजधानी पटना का तापमान 28.5 डिग्री से एक डिग्री नीचे घटकर 27.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना से मिली जानकारी के अनुसार वातावरण की ऊपरी सतह पर नमी की मात्रा अधिक होने से यह स्थिति बनी है। अगले दो दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना हैं। हालांकि धीरे-धीरे धुंध व कोहरे में बढ़ोतरी भी होगी। पटना एयरपोर्ट पर दृश्यता शनिवार को लगभग 18 सौ मीटर दर्ज की गई, लेकिन शाम पांच बजे विजिबिलिटी 13 सौ पर आ गई। हालांकि जलस्रोतों और नदियों के पास धुंध व कोहरे की स्थिति के कारण विजिबिलिटी कम रही।
आपको बता दें पिछले दो दिनों से अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से बादल विस्तारित होकर बिहार तक पहुंचने लगे थे। शनिवार को राज्यभर में काफी ऊंचाई और बड़े भूभाग में बादलों का बसेरा दिखने को मिला। सुबह में पटना में कुछ देर के लिये धूप निकली लेकिन फिर दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। लोग दिन में भी सीजन में पहली बार गर्म कपड़ों में दिखे। अधिकतर घरों में शनिवार से गीजर भी प्रयोग में आने लगा।