NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुए शामिल

 NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुए शामिल

पटना : 05 जुलाई मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के समर्थन को लेकर मौर्या होटल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। जब प्रधानमंत्री जी ने द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने की सूचना दी थी तब मुझे काफी खुशी हुई थी। द्रौपदी मुर्मू के बारे में सभी लोगों ने विस्तारपूर्वक बातें रखी हैं। वे एक आदिवासी महिला हैं जो राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनायी गयी हैं, यह बड़ी बात है। हम सब द्रौपदी मुर्मू को आश्वस्त करते हैं कि बहुमत से आप की जीत होगी। सभी लोग ठीक ढंग से वोटिंग करते हुए आपकी जीत सुनिश्चित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने उड़ीसा की विधायक और मंत्री के रूप में अपने दायित्वों का बेहतर निवर्हन किया था। साथ ही झारखंड के राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के राजेंद्र बाबू देश के पहले राष्ट्रपति बने थे और वे लगातार दो बार राष्ट्रपति रहे। बिहार के लिए दूसरी खुशी की बात रही कि रामनाथ कोविंद जी बिहार के राज्यपाल से सीधे देश के राष्ट्रपति बने। इसके पहले जाकिर हुसैन साहब भी यहां राज्यपाल थे लेकिन पहले वे उप राष्ट्रपति बने फिर राष्ट्रपति बने। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने वर्ष 2002 में APJ अब्दुल कलाम साहब को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था। मुझे कलाम साहब से सांसद एवं मंत्री के रूप में कई बार मिलने का मौका मिला था। वे बहुत काबिल व्यक्ति थे और बिहार में उनकी काफी गहरी रूचि थी ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1912 में बंगाल से अलग होने के बाद बिहार और उड़ीसा एक ही प्रांत था । श्रीमती द्रौपदी मुर्मू उड़ीसा की रहनेवाली हैं तो वे एक तरह से बिहार की ही हुईं, यह बिहारवासियों के लिए काफी प्रसन्नता की बात है। प्रधानमंत्री जी ने इसके पहले अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया और इस बार एक आदिवासी महिला को उम्मीदवार बनाया है, इसके लिए हम प्रधानमंत्री जी को भी धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के रूप में काम करने का मौका मिलेगा तो वे अच्छा काम करेंगी। उन्होंने कहा कि एन०डी०ए० के सभी दल आपका समर्थन तो करेंगे ही अन्य दलों के लोग भी आपको वोट देंगे और आप भारी मतों से विजयी होंगी। आप यहां आयी हैं, मैं आपका अभिनंदन करता हूं।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एन०डी०ए० की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अंगवस्त्र प्रदान कर एवं बुके भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम को एन०डी०ए० की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने संबोधित करते हुये बिहार के गौरवशाली अतीत का जिक्र किया और बिहार के प्रति अपने लगाव की भी चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रपति पद के समर्थन के लिये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया और एन०डी०ए० के सभी सांसदों एवं विधायकों को धन्यवाद दिया।

संबंधित खबर -