कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड :पिछले 24 घंटों में 1,15,736 नए कोरोना केस आए

 कोरोना ने तोड़ा रिकॉर्ड :पिछले 24 घंटों में 1,15,736 नए कोरोना केस आए

कोरोना मामलों ने भारत में अबतक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं| दूसरी बार देश में एक दिन में एक लाख से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं| स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 1,15,736 नए कोरोना केस आए और 630 लोगों की जान चली गई है| हालांकि 59,856 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं| इससे पहले 4 अप्रैल को एक लाख तीन हजार नए कोरोना केस आए थे|

आज देश में कोरोना की स्थिति-

  • कुल कोरोना केस– एक करोड़ 28 लाख 1 हजार 785
  • कुल डिस्चार्ज– एक करोड़ 17 लाख 92 हजार 135
  • कुल एक्टिव केस– आठ लाख 43 हजार 473
  • कुल मौत– एक लाख 66 हजार 177
  • कुल टीकाकरण– 8 करोड़ 70 लाख 77 हजार 474 डोज दी गई

एक समय ऐसा था जब देश में कोरोना संक्रमण की संख्या घटने लगी थी| इस साल 1 फरवरी को 8,635 नए कोरोना केस दर्ज किए गए थे| एक दिन में कोरोना मामलों की ये संख्या इस साल सबसे कम थी| देश में अबतक कोरोना वायरस के लिए कुल 25 करोड़ 14 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 12 लाख सैंपल कल टेस्ट किए गए|

महाराष्ट्र में फिर कोविड के 50 हजार से ज्यादा मामले
महाराष्ट्र के कोविड-19 मामलों ने तीन दिनों में दूसरी बार फिर से आधे लाख की सीमा पार कर ली, कुल मामले 31 लाख को पार कर गए| यह हालत तब है, जब यह राज्य 80 लाख टीकाकरण वाला भारत का पहला राज्य बन गया है| 4 अप्रैल को रिकॉर्ड 57,074 नए रोगियों का पता चला था|

दो दिन बाद, राज्य में संक्रमण के मामले 47,288 से बढ़कर 55,469 हो गए, जिसके साथ राज्य में कुल मामले 31,13,354 तक जा पहुंचे| राज्य में एक दिन पहले मौतों की संख्या 155 थी जो बढ़कर 297 हो गई| मौतों की कुल संख्या बढ़कर अब 56,330 हो गई|

कल 33 लाख लोगों को दी गई वैक्सीन की डोज
देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी| 6 अप्रैल तक देशभर में 8 करोड़ 70 लाख कोरोना डोज दिए जा चुके हैं| बीते दिन 33 लाख 37 हजार टीके लगे| वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था| 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर से सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है|

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.30 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 93 फीसदी है| एक्टिव केस बढ़कर सवा 6 फीसदी हो गया है. कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 5वां स्थान है|

यूपी सरकार नाइट कर्फ्यू पर करे विचार: हाईकोर्ट
उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से रात में कर्फ्यू लगाने पर विचार करने को कहा है|कोर्ट ने कहा कि सरकार ने कोरोना की दूसरी लहर को रोकने के कदम उठाए हैं, लेकिन सरकारी निर्देशों का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा है|

साथ ही प्रदेश के लोगों से कोविड-19 की गाइडलाइन के प्रति अपनी जिम्मेदारी महसूस करते हुए उसे निभाने की अपील भी की है| कोर्ट ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को सरकारी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया है|

संबंधित खबर -