बिहार में बाढ़ और भारी बारिश से 998.11 करोड़ रुपये की फसल क्षति, कृषि विभाग ने आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी रिपोर्ट

 बिहार में बाढ़ और भारी बारिश से 998.11 करोड़ रुपये की फसल क्षति, कृषि विभाग ने आपदा प्रबंधन विभाग को भेजी रिपोर्ट

बिहार में इस साल बाढ़ और भारी बारिश से 998.11 करोड़ रुपये की फसल बर्बाद हुई है। कृषि विभाग ने इसकी रिपोर्ट इनपुट अनुदान के लिए आपदा प्रबंधन विभाग को भेज दी है। कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बीते दिन शुक्रवार को विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा कि खरीफ फसलों को हुए नुकसान की भरपाई शीघ्र ही की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस वर्ष 2021 में बाढ़/अतिवृष्टि तथा विभिन्न कारणों से परती रह गई भूमि के कारण फसल क्षति का आकलन करा लिया गया है। संबंधित जिलों के जिला कृषि पदाधिकारियों द्वारा क्षति की आकलन रिपोर्ट विभाग को भेजा दी गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, आपको बता दें राज्य के अब तक 30 जिलों से फसल क्षति का आकलन कृषि विभाग को प्राप्त हुआ है। इसके अनुसार इन 30 जिलों के कुल 283 प्रखंडों के 6,45,708.63 हेक्टेयर में 33 प्रतिशत अथवा उससे अधिक फसल क्षति की रिपोर्ट की गयी है, जिसकी कुल अनुमानित राशि 875.27 करोड़ रुपये है। इसी प्रकार विभिन्न कारणों से 17 जिलों में परती रह गई 1,41,227.71 हेक्टेयर क्षति के लिए 96.03 करोड़ अर्थात कुल 7,86,936.34 हेक्टेयर क्षति के लिए 971.30 करोड़ क्षति का आकलन किया गया है। इसी प्रकार, सितंबर के अंतिम में अर्थात 30 सितंबर 2021 से 04 अक्टूबर 2021 के दौरान राज्य में हुई भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान का भी आकलन कराया गया है। जिसमें 6 जिला यथा पटना, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय, पश्चिमी चंपारण एवं पूर्वी चंपारण में क्षति की रिपोर्ट हुई है।

वही, मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं भी अतिवृष्टि वाले इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया गया है तथा इसकी समीक्षा भी की गई है। इस प्रकार से जिलाधिकारियों से प्राप्त क्षति प्रतिवेदन के आलोक में बाढ़/अतिवृष्टि, परती भूमि एवं लगातार वारिश के कारण हुई फसल क्षति के लिए इनपुट अनुदान मद में 971.30 करोड़ एवं 26.81 करोड़ कुल 998.11 करोड़ रुपये की रिपोर्ट कृषि विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन विभाग को भेज दिया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग से राशि प्राप्त होने पर बाढ़ से प्रभावित किसानों को नियमानुसार समुचित फसल क्षतिपूर्ति हेतु सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कहा कि सरकार मुसीबत में किसानों के साथ खड़ी हैं।

संबंधित खबर -