पूर्वी बिहार में बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त, गंगा और कोसी का पानी नवगछिया में घुसा

 पूर्वी बिहार में बाढ़ से जनजीवन अस्त व्यस्त, गंगा और कोसी का पानी नवगछिया में घुसा

पूर्वी बिहार में बाढ़ के पानी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। गंगा और कोसी नदी के जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण भागलपुर शहरी क्षेत्र और कहलगांव के बाद बुधवार को नवगछिया में भी पानी घुस गया है। गंगा और कोसी नदी का पानी नवगछिया में चारों तरफ फैलने लगा है। कोसी नदी का पानी नवगछिया बाजार की खरनयी नदी में गिर रहा है। इससे नवगछिया बाजार में भी लोगों की परेशानी बाढ सकती हैं।

बता दें कि सभी नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। भागलपुर जिले के 502 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। लगभग आठ लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है।123 पंचायत और 15 प्रखंडों में बाढ़ का पानी फैला है। पानी फिलहाल कम नहीं हो रहा है। हर रोज नए इलाके में पानी घुस रहा है। जिससे भागलपुर रेलखंड पर बुधवार को पांचवें दिन भी ट्रेनों का परिचालन ठप रहा।

NH 80 पर भी वाहनों का परिचालन एक सप्ताह से ठप है। भागलपुर के दोनों ओर 15 किमी एनएच पर दो से तीन फीट पानी बह रहा है। आवागमन पूरी तरह ठप है।भागलपुर शहरी क्षेत्र में बाढ़ के लोगों की परेशानी कम नहीं होती दिख रही है। कई लोग सगे-संबंधियों के यहां शरण लिए हुए हैं तो कई लोग छत या ऊपर की मंजिल पर रह रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आपको बता दें कि बाढ़ पीड़ितों को राहत शिविरों में प्रशासन की ओर से मदद की जा रही है। अधिकारी लगातार शिविरों का जायजा ले रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर रतवा नदी का कटाव तेज होने से एक दर्जन घर नदी में समा गए। कई घरों पर अभी भी कटाव का खतरा मंडरा रहा है।

संबंधित खबर -