नेपाल सीमा से बिना वीजा घुसी विदेशी महिला गिरफ्तार

 नेपाल सीमा से बिना वीजा घुसी विदेशी महिला गिरफ्तार

बिहार पुलिस ने बुधवार की सुबह रामगढ़वा में बस से एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला के पास से पासपोर्ट व नेपाली वीजा को बरामद किया गया है। उसके पास भारतीय वीजा नहींं है। गिरफ्तारी की  पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि रक्सौल से सूचना मिली थी कि कोई विदेशी महिला बिना वीजा के नेपाल बॉर्डर होते हुए भारतीय सीमा में प्रवेश कर गई है। 

पुलिस ने त्‍वरित कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर चल रही सभी यात्री बसों और टेम्‍पो-टैक्‍सी की जांच शुरू कर दी। तभी रक्सौल से मोतिहारी जाने वाली बस पर एक विदेशी महिला बैठी हुई मिली। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह भारत में प्रवेश के लिए अपना वीजा नहीं दिखा पाई। इसके बाद रामगढ़वा पुलिस ने उक्त महिला को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने महिला के बारे में तत्‍काल रक्‍सौल के एसपी, एसडीपीओ और इमिग्रेशन रक्सौल को सूचना दी। 

थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में ली गई महिला का नाम रोबाइका विलियम्स है। उसके पिता का नाम क्रिस्टो विलियम्स है। वह कनाडा के मारखम शहर की निवासी है। पूछताछ के क्रम में रोबाइका विलियम्स ने बताया कि वह नेपाल टूर पर थी। गलती से भारतीय इलाके में प्रवेश कर गई। उधर, पुलिस का कहना है कि यह महिला 29 मार्च को कनाडा से नेपाल के पोखरा शहर में आई थी। 30 मई को वीरगंज आई और बुधवार को रक्सौल सीमा में प्रवेश कर गई। उसके इस ढंग से देश में घुसने की सूचना मिली तो खोजबीन शुरू की गई। पुलिस ने उसे पकड़कर इमिग्रेशन विभाग को सौंप दिया है। 

संबंधित खबर -