हाथरस आरोपियों का केस आया एसपी सिंह के हाथ में, निर्भया के आरोपियों का केस लड़कर हुए थे चर्चित

 हाथरस आरोपियों का केस आया एसपी सिंह के हाथ में, निर्भया के आरोपियों का केस लड़कर हुए थे चर्चित

उत्तर प्रदेश के हाथरस में हैवानियत की शिकार पीड़िता की मौत के बाद देशभर में न्याय की मांग की जा रही है। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक लोग विरोध कर रहे हैं। कुछ इसी प्रकार, साल 2012 में दिल्ली में हैवानियत का शिकार बनी थी निर्भया|

आपको बता दें कि निर्भया का केस लड़ने वाली वकील सीमा समृद्धि कुशवाहा ने हाथरस की पीड़िता के केस लड़ने का ऐलान किया है। वहीं इसे इत्तेफाक ही कहेंगे कि निर्भया कांड के दोषियों का केस लड़ने वाले वकील एपी सिंह हाथरस के आरोपियों का केस लड़ना चाहते हैं।

अधिवक्ता एपी सिंह ने हाथरस के आरोपियों के परिजनों से संपर्क किया और कहा कि वे उनका केस लड़ना चाहते हैं।

एपी सिंह के मुताबिक, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री मानवेंद्र सिंह ने भी उनसे हाथरस मामले में आरोपियों का मुकदमा लड़ने की बात कही है। मानवेंद्र सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा पैसे इकट्ठा कर वकील एपी सिंह की फीस भरेगी।

एपी सिंह को लिखे पत्र में कहा गया कि हाथरस केस के जरिए से एससी-एसटी एक्ट का दुरुपयोग करके सवर्ण समाज को बदनाम किया जा रहा है, जिससे खासतौर से राजपूत समाज बेहद दुखी हुआ है। पीड़िता के परिवार की तरफ से केस लड़ रही अधिवक्ता सीमा कुशवाहा ने कहा कि वह जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मुकद्दमे की सुनवाई दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग करेंगी। कुशवाहा ने कहा कि जब तक मामला उत्तर प्रदेश से बाहर नहीं किया जाएगा, हाथरस की बेटी को इंसाफ नहीं मिलेगा।

संबंधित खबर -