चारा घोटाला से जुड़े एक मामले में लालू प्रसाद को मिली 5 साल की सजा, इसपर CM नीतीश कुमार ने कही ये बात

 चारा घोटाला से जुड़े एक मामले में लालू प्रसाद को मिली 5 साल की सजा, इसपर CM नीतीश कुमार ने कही ये बात

चारा घोटाला से जुड़े एक मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को रांची स्थित CBI कोर्ट ने 5 साल की सजा सुनाई है। साथ ही 60 लाख का जुर्माना भी लगाया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद को मिली सजा को लेकर कहा है कि हमने ना तो केस किया था और ना कराया था। आज सोमवार को जनता दरबार कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री नीतीश ने आगे कहा कि आज जो लोग उनके साथ हैं, वो ही केस कराने वाले लोग हैं। केस करते समय वो लोग हमारे पास भी आए थे। CM नीतीश ने बिना नाम लिए राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी पर हमला बोला और कहा कि एक आदमी हैं जो आज कल वहीं हैं। केस कराने वाले लोग उन्हीं के तरफ हैं। लालू प्रसाद को सजा हुई है तो उसके बारे में हमें कुछ नहीं कहना है।

जानकारी के लिए आपको बता दें, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ की अवैध निकासी के मामले में 5 साल की सजा सुनाई गई है। CBI कोर्ट रांची के विशेष जज एसके शशि ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सजा सुनायी। लालू प्रसाद पर 60 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है। इससे पहले CBI की विशेष अदालत ने 15 फरवरी को लालू प्रसाद समेत 75 आरोपियों को दोषी करार दिया था। इनमें से 38 लोगों को जेल भेज दिया गया था।

संबंधित खबर -