Mahashivratri 2025 : कब है महाशिवरात्रि? 26 या 27 फरवरी, जानें सही तारीख और शुभ मुहूर्त

सनातन धर्म में महाशिवरात्रि पर्व का बहुत महत्व है। यह पर्व देवों के देव महादेव को समर्पित होता है। इस शुभ अवसर पर भगवान शिव संग मां पार्वती की पूजा की जाती है। साथ ही उनके निमित्त व्रत रखा जाता है। भगवान शिव की पूजा करने से साधक की हर मनोकामना पूरी होती है। साथ ही सुख और सौभाग्य में भी वृद्धि होती है। आइए जानते हैं महाशिवरात्रि की सही डेट एवं शुभ मुहूर्त –
कब है महाशिवरात्रि?
आपको बता दें फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि मनाई जाती है। इस साल फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 26 फरवरी को सुबह 11 बजकर 08 मिनट पर शुरू होगी और 27 फरवरी को सुबह 08 बजकर 54 मिनट पर समाप्त होगी। महाशिवरात्रि पर निशा काल में भगवान शिव संग मां पार्वती की विशेष पूजा-भक्ति की जाती है। अत: उदया तिथि और निशाकाल दोनों गणना से 26 फरवरी की तारीख महाशिवरात्रि के लिए उत्तम है। इसके लिए 26 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी।
महाशिवरात्रि पूजा का शुभ मुहूर्त –
फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर प्रदोष काल में पूजा का समय शाम 06 बजकर 19 मिनट से लेकर रात 09 बजकर 26 मिनट तक है। इसके बाद निशा काल के लिए पूजा का समय 09 बजकर 26 मिनट से लेकर देर रात 12 बजकर 34 मिनट तक है। साधक अपनी सुविधा अनुसार समय पर भगवान शिव की पूजा-भक्ति कर सकते हैं। वहीं, मनचाहा वरदान पाने के लिए निशा काल में अवश्य ही पूजा-भक्ति करें।