मुजफ्फरपुर :स्कार्पियो लूट में धराए बदमाश से पूछताछ में पुलिस को मिली कई अहम सुराग

मुजफ्फरपुर में स्कार्पियो लूट में शनिवार की देर रात धराए बदमाश से पुलिस को कई अहम जानकारी मिली हैं। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार दोनों बदमाशों ने पुलिस के समक्ष कई खुलासे किये हैं। गिरफ्तार बदमाश में एक अंतरजिला लुटेरा गिरोह का सरगना भी है। गिरफ्तार सिवान के भगवानपुर थाने के अरुआ निवासी गुड्डू वाहन लुटेरा गिरोह का सरगना बताया जा रहा है।

शनिवार की रात स्कार्पियो लूटने के बाद भागने के दौरान गाड़ी वही चला रहा था। ओपी पुलिस ने बताया कि गुड्डू पर पूर्व में भी केस दर्ज है। वह जेल भी जा चुका है। वह अपने साथियों के साथ समस्तीपुर में ट्रक समेत वाहन लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उससे पूछताछ के आधार पर गिरोह के कई बदमाशों को चिह्नित किया गया है। उसके साथ गिरफ्तार दूसरा बदमाश आदित्य कुमार सिवान के सिसवन नुनियापट्टी रामगढ़ का निवासी है।
आपको बता दें लूटी गई स्कार्पियो बाढ़ के मुखिया राजकुमार सिंह की थी। चालक को नशा खिलाकर सकरा के समीप फेंक दिया गया था। स्कार्पियो लूटकर भाग रहे बदमाशों को ओपी पुलिस ने पानापुर में गिरफ्तार कर लिया था। पानापुर ओपी के पास दोनों बदमाशों ने बैरिकेडिंग देखकर गाड़ी घुमाकर भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को घेरकर दोनों को धर दबोचा।