बिहार के 27 जिलों में बारिश के आसार, मौसम विभाग द्वारा येलो अलर्ट जारी

बिहार में बारिश का सिस्टम सक्रिय है। पूरे राज्य भर में दक्षिणी पुरवा और पुरवा हवा का प्रभाव है। ये हवाएं अपने साथ काफी मात्रा में नमी लेकर आ रही हैं। इस वजह से उमस बढ़ गई है। ऐसे में तापमान चढ़ते ही बादलों का तेजी से निर्माण हो रहा है। अनुकूल परिस्थति होते ही बारिश होना शुरू हो जाएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी मध्यप्रदेश की ओर बने चक्रवाती परिसंचरण से बिहार तक एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। एक अन्य उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा पूर्वी बिहार से उत्तरी ओडिशा तक गुजर रही है। इन मौसमी परिस्थतियों की वजह से पिछले 24 घंटों में राज्य के उत्तर पश्चिमी, उत्तर मध्य और दक्षिण बिहार में आंशिक से मध्यम बारिश की स्थिति देखी गई।

आपको बता दें कहीं-कहीं हवा का प्रवाह 40 से 50 km प्रतिघंटे तक रहा। राज्य के अधिकतर भाग में आंशिक बादल छाये रहे। पटना व इसके आसपास बुधवार की शाम में मौसम के बदलाव का असर गुरुवार तक बना रहा। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई। देर रात में झमाझम बारिश के बाद सुबह में मौसम सुहाना बना रहा हालांकि दिन चढ़ने पर फिर से उमस की स्थिति बन गई। राज्य भर में सबसे ज्यादा बारिश पटना जिले के बिक्रम में हुई, जहां देर रात 80.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।