भागलपुर के दो कांस्टेबल समेत बिहार के तीन पुलिसकर्मी केंद्रीय गृह मंत्री मेडल के लिए चयनित

 भागलपुर के दो कांस्टेबल समेत बिहार के तीन पुलिसकर्मी केंद्रीय गृह मंत्री मेडल के लिए चयनित

बिहार के तीन पुलिसकर्मियों का चयन केंद्रीय गृह मंत्री मेडल के लिए किया गया है। इनमें पुलिस अकादमी, राजगीर के हवलदार भोगेंद्र मिश्र और सीटीसी, नाथनगर के कांस्टेबल अनुरंजन कुमार व कांस्टेबल विपिन कुमार सिंह शामिल हैं। केंद्रीय गृह मंत्री मेडल की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी।

इसका उद्देश्‍य अपराध की जांच के उच्च प्रोफेशनल मानकों को बढ़ावा देना और जांच अधिकारियों द्वारा की गई जांच की उत्कृष्टता की पहचान करना है।

सीटीएस नाथनगर पूर्वी क्षेत्र के बेहतरीन संस्थान के रूप में घोषित 
वहीं भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित सिपाही प्रशिक्षण केंद्र, नाथनगर(CTS Nath Nagar) देश के पूर्वी क्षेत्र के बेहतरीन संस्थान के रूप में घोषित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने इस संस्थान का चयन पूर्वी क्षेत्र के बेहतरीन संस्थान के रूप में किया है। इस संस्थान को वर्ष 2016-17 के लिए सिपाहियों की भर्ती के बाद प्रशिक्षण के लिए पूर्वी भारत के सर्वश्रेष्ठ संस्थान के रूप में पुरस्कार देने के लिए चयन किया है। इसकी घोषणा 21 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने की। 

2019 में 27 से 29 नवंबर के बीच संस्थान का मूल्यांकन 
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर तीन अधिकारियों की टीम पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में नाथनगर सिपाही प्रशिक्षण केंद्र में आयी थी। इसमें पुलिस उप महानिरीक्षक, केरल एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, तमिलनाडु शामिल थे। इस टीम ने 2019 में 27 से 29 नवंबर के बीच संस्थान का मूल्यांकन किया।

मूल्यांकन में प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध आधारभूत संरचना और प्रशिक्षण के मानक को शामिल किया गया था। इस टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही प्रशिक्षण केंद्र का चयन सर्वश्रेष्ठ संस्थान के रूप में किया गया। नाथनगर में नवचयनित सिपाहियों को बेसिक ट्रेनिंग और रिफ्रेशर ट्रेनिंग दी जाती है। इसके अतिरिक्त इस संस्थान में वनरक्षी, उत्पाद आरक्षी व चालक को भी प्रशिक्षण दिया जाता है। इस संस्थान में आधारभूत संरचना को लगातार बेहतर किया जा रहा है। 

संबंधित खबर -