दर्दनाक हादसा : सिलीगुड़ी से जम्मू कश्मीर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, मौके पर 8 मजदूरों की मौत, 5 घायल

 दर्दनाक हादसा : सिलीगुड़ी से जम्मू कश्मीर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, मौके पर 8 मजदूरों की मौत, 5 घायल

पूर्णिया में आज सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जलालगढ़ में सिलीगुड़ी से जम्मू कश्मीर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें 8 मजदूरों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई है। जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। जिनमें दो मजदूर की स्थिति गंभीर है उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। मृतकों में ईश्वर लाल, वसु लाल, काबा राम, कांति लाला, हरीश, मनी लाला, दुष्मंत, एक अज्ञात शामिल हैं। सभी राजस्थान के उदयपुर खैरवाड़ा के बताए जा रहे हैं।

आपको बता दें घटना आज सोमवार की अहले सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जाँच पड़ताल के दौरान पता चला है कि सभी मजदूर राजस्थान के रहने वाले थे। ट्रक अगरतला से जम्मू कश्मीर जा रहा था। चालक को झपकी आ जाने के कारण हादसा हुआ। ट्रक में बोरवेल का सामान लदा हुआ था। लोहे के पाइप के नीचे दबने से मजदूरों की मौत हो गई। बचाव एवं राहत कार्य जारी है। मौके पर JCB से ट्रक को उठाया गया है। दबे हुए मजदूरों को निकाला जा रहा है।   

इस घटना की सूचना मिलते ही जलालगढ़ व कसबा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। लोगों की काफी भीड़ इकठ्ठा गई है। पाइप के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला जा रहा है। फिलहाल 8 शव को घटनास्थल से लाकर जलालगढ़ थाने में रखा गया है। घटनास्थल पर सर्किल बी इंस्पेक्टर राजकिशोर शर्मा पहुंचकर मामले की देख-रेख कर रहे हैं। सर्किल बी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

संबंधित खबर -