ऑनलाइन 24 घंटे में घर पहुंचेगा तिरंगा, 13 से 15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां लगभग अंतिम मोड़ पर है। इस साल देश में 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जायेगा। इस मौके पर देशभर में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा।
सभी को तिरंगा उपलब्ध कराने को लेकर पिछली साल की तरह इस साल डाकघर खुले रहेंगे। पटना जीपीओ ने जनहित में यह निर्णय लिया है। लोग रविवार को भी डाकघरों से तिरंगे की खरीदारी कर सकेंगे। आजादी के इस अमृत महोत्सव में तिरंगे की धूम हर तरफ मची है।
आपको बता दें तिरंगे को डाक विभाग की आधिकारिक साइट www.epostoffice.gov.in पर जाकर ऑनलाइन भी ऑर्डर किया जा सकता है। 24 घंटे के भीतर डाकिया दिए गए पते पर तिरंगा पहुंचाएंगे। डाक विभाग द्वारा आमजनों को 25 रुपये तिरंगा उपलब्ध कराया जा रहा है। पिछले साल यानी की 2022 में जीपीओ से 33 हजार 800 तिरंगे की बिक्री हुई थी। जीपीओ के मुख्य डाकपाल हम्माद जफर ने पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह, बिहार विधान परिषद के सदस्य सुनील कुमार सिंह, भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रितुराज सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष बिहार विधान सभा विजय कुमार सिन्हा और गायक गुंजन सिंह को तिरंगा भेंट किया।