Weather Updates : बिहार में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त, पटना में पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूल बंद

Bihar Weather Updates : बिहार में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी पटना में ठंड के आज 3 जनवरी से पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद करने की घोषणा की गई है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने आदेश जारी कर आठवीं कक्षा तक के स्कूल 8 जनवरी तक बंद रखने को कहा है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक़, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। न्यूनतम तापमान में कुछ ख़ास बदलाव नहीं हुआ। यह औसतन 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि अधिकतम पारे में 4 से 5 डिग्री की गिरावट देखी गयी। यह औसतन 17 से 19 डिग्री के बीच रहा।
आपको बता दें, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान फारबिसगंज में 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वही, राज्य के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिला। रविवार को मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सतह से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक पछुआ व उत्तर पछुआ हवा का प्रभाव बना हुआ है, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा।